लहरपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लहरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 17 मई को कस्बा केसरीगंज स्थित 'प्रज्ञा ज्वैलर्स' की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
चोरी की घटना और पुलिस की तत्परता
बीते 17 मई को केसरीगंज बाजार स्थित प्रज्ञा ज्वैलर्स की दुकान से अज्ञात चोरों ने आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। दुकान मालिक की तहरीर पर लहरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सुरागकशी शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लखीमपुर खीरी रोड पर नबीनगर खड़ंजे के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में उगला चोरी का सच
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे बेहद शातिर तरीके से दुकानों को निशाना बनाते थे। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
आभूषण: सफेद धातु की पायल व बिछुआ, एक सोने की अंगूठी।
अन्य सामग्री: 2 मोबाइल फोन।
वाहन:एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसे एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
अंतरजनपदीय गिरोह का हुआ भंडाफोड़
पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर चोरों की पहचान रंजीत कुमार पाल निवासी अटकोहना, शारदानगर, मोहिनी देवी और दीप्ती राज उर्फ दुर्गा दोनों निवासी बड़खेरवा, सदर लखीमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सिंह, उप-निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और कांस्टेबल अंकुर बालियान, जितेन्द्र तेवतिया, रविकान्त सैनी व निखिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ