#सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: नैमिषारण्य से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी; बाइक सवार की मौत, 30 घायल

 हादसेकी खबर मिलते ही घटनास्थल पर दौड़े डीएम-एसपी, बरगदिया नहर पुलिया के पास संभाला मोर्चा

सीतापुर,संदना(उत्तर प्रदेश): जिले के संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 30 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब आंध्र प्रदेश से आए श्रद्धालुओं की बस एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य की कमान खुद संभाली।
बाइक को बचाने के फेर में गड्ढे में समाई बस
मिली जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के परनाद जनपद से आए श्रद्धालु बस संख्या UP 80 HT 9393 से नैमिषारण्य तीर्थ के दर्शन कर सिधौली- मिश्रिख मार्ग से होकर वापस लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान संदना थाना क्षेत्र के मिरिकापुर निवासी ओमप्रकाश 50 वर्ष अपनी पत्नी जयदेवी के साथ मोटरसाइकिल से कोरौना की ओर जा रहे थे। बरगदिया नहर पुलिया के समीप अचानक बस और बाइक आमने-सामने आ गए। चश्मदीदों के मुताबिक, रफ्तार तेज होने के कारण मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में बस चालक नियंत्रण खो बैठा। बस पहले बाइक से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार के बीच तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन
बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 44 लोग सवार थे, जिनमें से करीब 30 यात्री लहूलुहान हो गए। हादसे की खबर मिलते ही संदना, सिधौली कोतवाली और मिश्रिख थाने की पुलिस फोर्स ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों की मौजूदगी में सभी घायलों को फौरन एंबुलेंस के जरिए मछरेहटा सीएचसी और जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पांच यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मृतक ओमप्रकाश की पत्नी जयदेवी भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हैं।
यातायात सामान्य, विधिक कार्रवाई जारी
सीतापुर पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, उच्चाधिकारी और थाना संदना पुलिस टीम द्वारा मौके पर रहकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में मौके पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों के समुचित इलाज के लिए डॉक्टरों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ