#सीतापुर, (उत्तर प्रदेश):उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ व मा. जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर आशीष जैन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने जिला कारागार का साप्ताहिक निरीक्षण किया सुबह 11 बजे हुए इस औचक निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त पाई गईं।
महिला व बच्चा बैरक का जायजा, दरी बुनाई कार्य की सराहना
सचिव आलोक यादव ने सबसे पहले महिला और बच्चा बैरक का सघन निरीक्षण किया, जहाँ सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। इसके बाद उन्होंने कारागार में चल रहे दरी बुनाई कार्य को देखा। वहाँ काम कर रहे कारीगर बंदियों ने बताया कि उन्हें बुनाई के लिए समस्त सामग्री समय से और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जा रही है।
अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे बंदियों से की वार्ता
निरीक्षण के क्रम में जेल अस्पताल पहुंचे सचिव ने तैनात डॉक्टरों से बीमार बंदियों के स्वास्थ्य और उनकी बीमारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। अस्पताल में भर्ती मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं और भोजन मिल रहा है तथा इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। वहीं, जेल लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान जेलर ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा यहाँ एक अध्यापक की तैनाती की गई है, जो बंदियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
लीगल एड क्लीनिक में जाँचे रजिस्टर, विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
जेल लीगल एड क्लीनिक के निरीक्षण के दौरान दो पराविधिक स्वयंसेवक तैनात मिले। सचिव ने कार्य रजिस्टर की जाँच की और निर्देश दिए कि बंदियों के प्रार्थना पत्रों को जेल अधीक्षक के माध्यम से समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भेजा जाए। इसके बाद आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बंदियों को 'श्रीमती बच्ची देवी बनाम उत्तर प्रदेश राज्य' एवं 'सतेन्द्र कुमार अनटिल बनाम सी.बी.आई.' जैसे महत्वपूर्ण वादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जातीय आधार पर भेदभाव का कोई मामला सामने नहीं आया।
यह अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षिका कु0 प्रीती यादव, जेलर राजेश कुमार वर्मा, डिप्टी जेलर अली अदनान, लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम के सुजीत कुमार बाजपेई ,भूपेन्द्र कुमार दीक्षित और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक अशोक कुमार राणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ