#सीतापुर:बढ़े मानदेय का चेक मिलते ही खिले अनुदेशकों के चेहरे, कलेक्ट्रेट में मना उत्सव

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।शासन के निर्देशों के क्रम में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अनुदेशकों के बढ़े हुए मानदेय वितरण के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के समांतर ही जनपद स्तर पर इस गरिमामयी आयोजन को बेहद खास अंदाज में सम्पन्न किया गया, जिससे पूरा सभागार उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।
मंच पर जुटे दिग्गज, लखनऊ के समांतर सजा जिला स्तरीय कार्यक्रम
इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए मंच पर कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा सभी जिला समन्वयक और कार्यालय स्टाफ ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
शॉल, प्रमाण पत्र और 17 हजार का चेक देकर अनुदेशकों का सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण वह पल रहा जब शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 चुनिंदा अनुदेशकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। उन्हें सांकेतिक रूप से ₹17,000 की बढ़ी हुई मानदेय राशि का चेक, सम्मान स्वरूप शॉल और प्रमाण पत्र सौंपे गए। इस सम्मान को पाकर अनुदेशकों के चेहरे खुशी से दमक उठे। इसके साथ ही कार्यक्रम में मौजूद अन्य सभी अनुदेशकों को डायरी, पेन और फोल्डर देकर उनके योगदान को सराहा गया।
नन्हे कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन
समारोह के दौरान परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा गाए गए स्वागत गीत और अन्य प्रस्तुतियों ने सभागार में समां बांध दिया, जिसकी सभी अतिथियों ने खुलकर प्रशंसा की। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने मंच पर आकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले नन्हे कलाकारों को पुरस्कार किट देकर प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि सुरेश राही ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना शासन का सबसे पहला लक्ष्य है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ