सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम केंद्र लखनऊ ने 28 मई से 30 मई 2026 तक सीतापुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इन तीन दिनों के दौरान जिले में आंधी, भारी बारिश और वज्रपात की प्रबल संभावना है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है।
(काल्पनिक चित्र)
आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, जनपद में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके साथ ही धूलभरी आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा और ओलावृष्टि होने की संभावना है। जिला आपदा विशेषज्ञ हीरालाल ने बताया कि सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राहत एवं बचाव दलों को किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए अपनाएं ये सावधानियां
जिला प्रशासन ने आमजन के लिए व्यापक एडवाइजरी जारी की है:
घर से बाहर न निकलें:तेज आंधी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। कमजोर मकानों, कच्चे भवनों और टिन शेड से दूर रहें।
पेड़ व खंभों से बनाएं दूरी: बिजली के खंभों, मोबाइल टावर, होर्डिंग और निर्माणाधीन भवनों के पास रुकना खतरनाक हो सकता है।
वज्रपात से बचाव:गरज-चमक के समय खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे बिल्कुल न खड़े हों। मोबाइल का उपयोग सीमित करें और विद्युत उपकरणों के प्लग निकाल दें।
वाहनों का ध्यान: वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और सुरक्षित स्थान पर ही रुकें।
किसानों और स्कूल प्रबंधन के लिए विशेष निर्देश
प्रशासन ने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढक दें। पशुओं को सुरक्षित शेड में रखने और मौसम सामान्य होने तक सिंचाई जैसे जोखिमपूर्ण कार्य स्थगित रखने को कहा गया है। इसके अलावा, स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि खराब मौसम में बच्चों को खुले मैदान में न भेजें और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें।
आपातकालीन स्थिति में यहाँ करें संपर्क
किसी भी विपरीत परिस्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05862-245753 या टोल फ्री नंबर 1077 पर तत्काल सूचना दें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
0 टिप्पणियाँ