#सीतापुर ,मिशन शक्ति 5.0: सीतापुर में महिला सुरक्षा पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

सीतापुर(उत्तर प्रदेश ):शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' फेज-5 के तहत बीते दिवस जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा टीमों द्वारा सघन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के पर्यवेक्षण में गठित इन टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर उपस्थिति दर्ज कराई और महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा तंत्र की जानकारी दी।
प्रमुख स्थलों पर निगरानी और गश्त
जिले के समस्त थानों की महिला पुलिस इकाइयों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और प्रमुख चौराहों पर सतर्क दृष्टि रखी। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास भी गश्त बढ़ाई गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
सुरक्षा तंत्र की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के विषय में विस्तार से बताया। पुलिस ने जोर दिया कि किसी भी प्रतिकूल स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग किया जाए:
 1090 (महिला पावर लाइन): महिला अपराधों की शिकायत हेतु।
 112 (आपातकालीन सेवा):तत्काल पुलिस सहायता के लिए।
 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन): किसी भी समस्या के निवारण हेतु।
 181 (महिला हेल्प लाइन):संकटग्रस्त महिलाओं की सहायता के लिए।
सतर्कता बरतने के निर्देश
पुलिस के अनुसार, यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। महिला बीट अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में संवाद कायम रखें ताकि महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बना रहे और वे बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ