पात्रों को समय से मिले सरकारी योजनाओं का लाभ: डॉ. राजा गणपति आर
सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बीते दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
पीएम आवास और स्वनिधि योजना में लक्ष्य प्राप्ति पर जोर
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना की स्थिति पर बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी आवेदन लंबित हैं, उनका तत्काल निस्तारण कर पात्रों को लाभान्वित किया जाए। डीएम ने कहा कि शहरी गरीब और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए चलाई जा रही इन योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर हो ताकि समय से लक्ष्य पूरा किया जा सके।
गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण हों निर्माण कार्य
बैठक में निकायों के भीतर चल रहे निर्माण कार्यों का लेखा-जोखा भी लिया गया। डॉ. राजा गणपति आर. ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य मानक के अनुरूप और निर्धारित समय के भीतर पूरे होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर कार्यों का नियमित निरीक्षण करने को कहा ताकि पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
0 टिप्पणियाँ