# सीतापुर:प्रशासन का कड़ा प्रहार: खैराबाद में हरित पट्टी पर बसी 'ओम सिटी' पर चला बुलडोजर

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश): जिले में अवैध प्लॉटिंग और भूमाफियाओं के विरुद्ध प्रशासन का अभियान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को खैराबाद थाना क्षेत्र में जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से विकसित की जा रही 'ओम सिटी' को जमींदोज कर दिया। हाईवे के किनारे प्रतिबंधित हरित पट्टी की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा किए गए दुस्साहस पर प्रशासन का बुलडोजर जमकर गरजा।
मलबे में तब्दील हुए अवैध ढांचे
सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, बाउंड्री वॉल और निर्माणाधीन ढांचों को बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया। घंटों चली इस कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भूमाफियाओं को कड़ा संदेश
खैराबाद क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने उन लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है जो रसूख के दम पर प्रतिबंधित क्षेत्रों में कॉलोनी बसाने का खेल कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में जहां भी अवैध प्लॉटिंग की सूचना मिलेगी, वहां इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ