लहरपुर ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ तहसील प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी और कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह के नेतृत्व में हुई इस सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति यह रही कि प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई लोग स्वयं ही अपना अवैध निर्माण हटाने में जुट गए।
आरा मशीन को किया ध्वस्त
तहसील प्रशासन के अनुसार, मोहल्ला बागवानी टोला स्थित पुराने अस्पताल के पास पुरानी पुलिस चौकी की सरकारी जमीन पर एक आरा मशीन अवैध रूप से संचालित हो रही थी। मंगलवार को जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से इस अवैध आरा मशीन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। लेखपाल राहुल यादव ने बताया कि नन्हें बेग आदि द्वारा पुलिस चौकी की भूमि गाटा संख्या 361/366 पर अवैध कब्जा किया गया था। इस मुक्त कराई गई सरकारी जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
मौके पर पहुंचे पालिकाध्यक्ष
कार्रवाई के दौरान जब प्रशासन ने पुराने अस्पताल के निकट मस्जिद के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की, तो इसकी सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष हाजी जावेद अहमद तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की और आग्रह किया कि स्थानीय छोटे दुकानदारों को थोड़ा समय दिया जाना चाहिए। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि दुकानदारों को स्वयं अपना सामान और अस्थाई निर्माण हटाने की मोहलत मिले, ताकि गरीब तबके के लोगों को कोई बड़ा आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
पहले ही दी जा चुकी थी नोटिस
पूरे मामले पर जानकारी देते हुए तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित सभी पक्षों और लोगों को कानूनी तौर पर नोटिस जारी कर इसकी पूर्व सूचना दी जा चुकी थी। इसके बावजूद तय समय सीमा में अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। इसी वजह से प्रशासन को कानून व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अंततः बुलडोजर की मदद लेनी पड़ी।
0 टिप्पणियाँ