सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सीतापुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगी हैं।
आधी रात को गोलियों की गूँज
अटरिया थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस और बदमाशों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। पिछले काफी समय से अटरिया कस्बे में चोरी की लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाश भागने की फिराक में थे और उन्होंने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं।
कौन हैं 50-50 हजार के ये इनामी ?
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाशों की पहचान मोहम्मद फरीद और बैजनाथ उर्फ धीरज के रूप में हुई है। फरीद सिधौली के सराय बाड़ी का निवासी है, जबकि बैजनाथ संदना इलाके का रहने वाला है। इन दोनों की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी और इनकी गिरफ्तारी पर आईजी रेंज लखनऊ ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस इसे एक बड़ी कामयाबी मान रही है क्योंकि ये शातिर अपराधी न सिर्फ सीतापुर बल्कि आसपास के जिलों में भी सक्रिय थे।
जेवर और अवैध असलहे बरामद
मुठभेड़ के बाद जब पुलिस ने मौके की तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में माल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, इनके पास से चोरी के करीब 7 लाख रुपये कीमत आभूषण, नकदी और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल मिली है। इसके अलावा, बदमाशों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस टीम की सराहना की गई है।
0 टिप्पणियाँ