#सीतापुर: बस में यात्रियों का मोबाइल उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 6 महंगे फोन बरामद

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मछरेहटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बस में यात्रियों के मोबाइल पार करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी के 06 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए हैं।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशानुसार, अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना मछरेहटा पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कालपुर मोड़ के पास से उस्मान पुत्र फिदा हुसैन निवासी ग्राम भुड़कुड़ी थाना मानपुर को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अलग-अलग जगहों से चोरी किए गए 06 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बसों में सफर के दौरान  करता था वारदात
पूछताछ के दौरान आरोपी उस्मान ने अपनी करतूतों का खुलासा किया। उसने बताया कि वह अक्सर सवारी बसों में काम करता है। भीड़ का फायदा उठाकर और मौका पाकर वह यात्रियों की जेब से मोबाइल उड़ा लेता था। उसने स्वीकार किया कि बरामद सभी मोबाइल उसने विभिन्न बसों में सफर के दौरान चोरी किए थे।
दर्ज हुआ मुकदमा, जेल भेजा गया आरोपी
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना मछरेहटा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके तहत थाना तालगांव में भी उस पर मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता, उ0नि0 गजेन्द्र राम खरवार, उ0नि0 इरशाद अहमद, का0 नदीम अली एवं का0 सचिन कुमार।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ