#सीतापुर:बिसवां: काशीराम कॉलोनी में अपात्रों पर डीएम सख्त, खाली करने के आदेश

सीतापुर,बिसवां(उत्तर प्रदेश):नगर पालिका परिषद बिसवां स्थित काशीराम कॉलोनी में रह रहे अपात्र लोगों पर अब प्रशासन का शिकंजा कसने वाला है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया और बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अवैध कब्जाधारियों को जल्द बेदखल करने और पात्रों को ही आवास आवंटित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
 157 आवासों का लेखा-जोखा, 58 पर अवैध कब्जा
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी  ने बताया कि काशीराम कॉलोनी में कुल 157 आवास हैं, जो 13 ब्लॉकों में बंटे हैं। इनमें से 99 आवासों का आवंटन तो नियमानुसार पूर्ण हो चुका है, लेकिन 58 आवासों पर अवैध रूप से लोग काबिज हैं। ईओ ने अवगत कराया कि इन कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया जा चुका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि अपात्रों से आवास  जल्द खाली कराए जाएं।
पात्रों की हो पारदर्शी जांच
जिलाधिकारी ने एसडीएम बिसवां आकांक्षा गौतम को निर्देशित किया कि आवासों के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि अपात्रों को हटाने के बाद जब नए आवंटन किए जाएं, तो उससे पहले पात्र व्यक्तियों की गहनता से जांच सुनिश्चित की जाए ताकि किसी जरूरतमंद का हक न मारा जाए।
 पेयजल और स्वच्छता पर जोर
कॉलोनी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यहां रहने वाले निवासियों के लिए बुनियादी सुविधाएं जैसे शुद्ध पेयजल, सुचारू विद्युत आपूर्ति और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान नगर पालिका के अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ