सीतापुर(उत्तर प्रदेश):डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने जनगणना 2027 के लिए जिले में डिजिटल अभियान का आगाज किया है। आगामी 07 से 21 मई के बीच नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण स्व-गणना दर्ज कर सकते हैं।
घर बैठे मिलेगी विशिष्ट पहचान संख्या
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में नागरिक https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार का विवरण भर सकते हैं। इस प्रक्रिया में मात्र 15 से 20 मिनट का समय लगेगा। विवरण दर्ज करने के बाद नागरिक के मोबाइल या ईमेल पर एक विशिष्ट पहचान संख्या भेजी जाएगी, जिसे बाद में प्रगणकों के साथ साझा करना होगा।
दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
प्रशासनिक रोडमैप के अनुसार, जनगणना 2027 को दो भागों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में 01 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक मकानों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद दूसरे और सबसे महत्वपूर्ण चरण में फरवरी 2027 से वास्तविक जनसंख्या की गणना का कार्य शुरू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे शुरू करेंगे।
14 क्षेत्रीय भाषाओं में सुविधा
आम जनता की सुविधा के लिए वेब पोर्टल को हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ 14 अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। डीएम ने जनपद के शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 07 मई से 21 मई के बीच पोर्टल का अधिकतम उपयोग करें। उन्होंने जोर दिया कि सटीक आंकड़ों से ही जन कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव है।
0 टिप्पणियाँ