सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जनपद के लहरपुर विकास खंड अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय तारनपुर में बच्चों के भविष्य और सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ मिड-डे मील के तहत परोसी गई तहरी में कीड़े मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई त्वरित जांच में दोषी पाए जाने पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
मामला 06 मई 2026 का है, जब विद्यालय में बच्चों को दोपहर का भोजन बांटा जा रहा था। परोसी गई तहरी में सोयाबीन की बड़ी के साथ कीड़े रेंगते देख बच्चों ने शोर मचाया। देखते ही देखते इसका वीडियो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने 07 मई को ही दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी, जिसमें उपजिलाधिकारी लहरपुर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शामिल किया गया।
जांच में बच्चों ने खोली भोजन की गुणवत्ता की पोल
शुक्रवार, 08 मई को जांच समिति ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान छात्रों ने पुष्टि की कि बुधवार को बनी तहरी में वास्तव में कीड़े थे। यही नहीं, बच्चों ने अधिकारियों के सामने यह भी शिकायत की कि विद्यालय में अक्सर भोजन की गुणवत्ता खराब रहती है। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि यह 'नि:शुल्क एवं बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009' का सीधा उल्लंघन है और विद्यालय प्रशासन ने अपने दायित्वों के निर्वहन में भारी लापरवाही बरती है।
दोषी शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक नसरूल्ला खां को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय बिलरिया से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी परसेण्डी, ऋषिकेश सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जो एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
0 टिप्पणियाँ