#कसमंडा,सीतापुर:स्वास्थ्य सत्र के निरीक्षण में खुली पोल, लापरवाही पर एएनएम का छह महीने का वेतन रोका, दो को नोटिस

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की हकीकत जांचने के लिए जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय देवीपुर विकास खण्ड कसमंडा में चल रहे ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवस सत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारी कमियां और घोर लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए लापरवाही एएनएम का छह महीने का वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सुपरवाइजर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
एएनएम के रजिस्टरों में मिलीं खामियां, रोकी सैलरी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जब एएनएम स्नेहलता से बातचीत की और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी ट्रैकिंग रजिस्टर देखा, तो उसमें कई गंभीर त्रुटियां पाई गईं। सत्र में जीवनरक्षक दवाओं का रख-रखाव भी बेहद खराब ढंग से किया गया था। अन्य संबंधित रजिस्टरों का मेंटेनेंस भी मानकों के अनुरूप नहीं था।
गर्भवती महिला का नहीं हुआ था टीकाकरण
लापरवाही की हद तब देखने को मिली जब जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एक गर्भवती महिला की बुकलेट जांची। बुकलेट के अनुसार महिला का समय पर टीकाकरण ही नहीं किया गया था। इस पर कड़ी नाराजगी और फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि एएनएम स्नेहलता का तत्काल प्रभाव से 06 माह तक वेतन रोकते हुए उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर पर भी गिरी गाज
स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ बाल विकास विभाग की पोल भी इस निरीक्षण में खुल गई। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री कमला देवी के उपकरणों और अभिलेखों का अवलोकन किया। रजिस्टर स्पष्ट न होने पर संबंधित अधिकारियों को कमला देवी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्र में वीएचएसएनडी सत्र सुचारू रूप से चल रहा है या नहीं, इसकी मॉनिटरिंग न करने और मौके पर आइस बॉक्स की स्थिति दयनीय पाए जाने पर लापरवाही सुपरवाइजर को भी नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।
इस औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य और बाल विकास विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ