# सीतापुर:दरी कारीगरों को मिलेगा मुफ्त टूलकिट और प्रशिक्षण, आवेदन शुरू

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के पारंपरिक दरी उद्योग को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ी पहल की है। 'एक जनपद एक उत्पाद' प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत सीतापुर के दरी उत्पाद से जुड़े कारीगरों और हस्तशिल्पियों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत पात्र कारीगरों को न केवल आधुनिक हुनर सिखाया जाएगा, बल्कि उन्हें मुफ्त में उन्नत टूलकिट भी बांटी जाएगी। उपायुक्त उद्योग करुणा राय ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पात्रता के लिए ये शर्तें अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। इसके लिए जाति का कोई बंधन नहीं है, लेकिन आवेदक का पारंपरिक दरी कारीगरी से जुड़ा होना अनिवार्य है। प्रमाण के रूप में हस्तशिल्पी कार्ड, बुनकर कार्ड, ग्राम प्रधान, अध्यक्ष नगर पंचायत या नगर पालिका के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा जारी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा, आवेदक ने पिछले दो वर्षों में केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना के तहत दरी उत्पाद से संबंधित टूलकिट का लाभ न लिया हो।
मिलेगा मानदेय और मुफ्त भोजन
चयनित अभ्यर्थियों को 10 दिनों के प्रशिक्षण के दौरान केंद्र पर मुफ्त भोजन की व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण में पारदर्शिता के लिए बायोमैट्रिक्स उपस्थिति अनिवार्य की गई है। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रशिक्षार्थियों को एक प्रमाणपत्र, 200 रुपये प्रतिदिन की दर से कुल 2000 रुपये मानदेय (स्टाइपेंड) और निशुल्क दरी उत्पादक टूलकिट प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ एक व्यक्ति को केवल एक बार ही मिलेगा।
यहाँ करें ऑनलाइन आवेदन
उपायुक्त उद्योग ने स्पष्ट किया है कि योजना के अंतर्गत केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक कारीगर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम  मंत्रालय, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट http://msme.up.gov.in पर जाकर अपना आवेदन दर्ज कर सकते हैं। योजना से जुड़ी किसी भी विस्तृत जानकारी या समस्या के समाधान के लिए किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, सराय मालुही, सीतापुर में संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ