रामपुर मथुरा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त फिल्मी अंदाज में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब एक 19 वर्षीय विवाहिता अपने एक साल के मासूम बच्चे को घर पर अकेला छोड़कर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर इतनी ऊंचाई पर देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस अजीबोगरीब घटनाक्रम से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहम उठे।
यह पूरा मामला रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्वाहडीह गांव का है। यहां रहने वाले अमित मिश्रा की 19 वर्षीय पत्नी आरती अचानक सुबह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों ने जब महिला को टावर पर चढ़ते देखा तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।जानकारी मिलते ही पीआरवी और रामपुर मथुरा थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आरती को समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। आरती ने पुलिस के सामने यह शर्त रख दी कि जब तक मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव के निवासी उसके प्रेमी सुमित अवस्थी को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
दो घंटे बाद प्रेमी के आते ही नीचे उतरीमामला हाथ से निकलता देख और महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तुरंत सुमित अवस्थी से संपर्क किया और उसे आनन-फानन में मौके पर बुलाया। लगभग दो घंटे तक चले इस सांस रोक देने वाले ड्रामे के बाद, जैसे ही सुमित मौके पर पहुंचा, आरती टावर से नीचे उतरने को राजी हो गई। पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारा और तुरंत हिरासत में ले लिया।
जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महिला और उसके प्रेमी सुमित अवस्थी, दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। एहतियात के तौर पर महिला का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अपने एक साल के मासूम को छोड़ प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ने की यह घटना पूरे जिले में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है।
0 टिप्पणियाँ