#सीतापुर:​अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और लाठीचार्ज पर भड़का गुस्सा, सीतापुर बार ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):लखनऊ में निहत्थे अधिवक्ताओं पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज को लेकर बार एसोसिएशन सीतापुर के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। सोमवार को बार एसोसिएशन ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और घायल वकीलों को मुआवजे की मांग की गई है।
बर्बरता की घोर निंदा
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय सहाय और महासचिव सुधीर शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि 17 मई को लखनऊ में पुलिस प्रशासन द्वारा जिस तरह से निहत्थे अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज का अनैतिक कृत्य किया गया, उससे पूरा अधिवक्ता वर्ग आहत है सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में आई तस्वीरें पुलिसिया बर्बरता को बयां कर रही हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोषी कर्मियों पर हो कार्रवाई
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने पहली और प्रमुख मांग यह रखी है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से न्यायिक जांच बैठाई जाए। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
चैंबर बहाली व मुआवजे की मांग
अधिवक्ताओं ने मांग की है कि घटना के दौरान जिन भी अधिवक्ताओं के चैंबरों को ध्वस्त या क्षतिग्रस्त किया गया है, उन्हें प्रशासन जल्द से जल्द पुनः स्थापित कराए। इसके साथ ही, पुलिस के लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल हुए सभी अधिवक्ताओं के समुचित और मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाए तथा प्रत्येक पीड़ित  अधिवक्ता को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल मोहन मिश्रा सहित बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के पदाधिकारी व भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ