#सीतापुर:कज़ियारा में आज से सजेगा बजरंगबली का भव्य दरबार, उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सीतापुर (उत्तर प्रदेश):पुराना सीतापुर के कज़ियारा मोहल्ला स्थित श्री शिव संकट मोचन मंदिर में सोमवार 18 मई से 19वां दो दिवसीय हनुमान महोत्सव धूमधाम से शुरू होने जा रहा है। महोत्सव को लेकर मंदिर सेवा परिवार की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक समागम में विभिन्न अनुष्ठानों के साथ-साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, इस वर्ष महोत्सव में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है मंदिर सेवा परिवार के पदाधिकारी राजन जौहरी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ सोमवार सुबह छह बजे संगीतमय रामचरितमानस पाठ के साथ होगा। इसके बाद पूरा दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान चलेंगे। मंगलवार को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रभु का भव्य शृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मंगलवार दोपहर 12 बजे से कन्या भोज, रात तक चलेगा भंडारा
महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार 19 मई को दोपहर 12 बजे कन्या पूजन व भोज के साथ विशाल भंडारे की शुरुआत होगी। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, यह भंडारा देर रात 12 बजे तक अनवरत चलेगा। इसी दिन हनुमान जी महाराज का विशेष अभिषेक कर फूलों और फलों से भव्य शृंगार किया जाएगा।
सायं काल में सुंदरकांड पाठ और महाआरती
मंगलवार शाम पांच बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद संध्या महाआरती होगी, जिसमें कज़ियारा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ कमाएंगे।
भजन संध्या में सुर बिखेरेंगे नामचीन कलाकार
महाआरती के उपरांत भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें इंडियन आइडल जूनियर के प्रसिद्ध गायक शोभित कुमार और लखनऊ के धर्मेंद्र मधुर अपनी सुरीली आवाज में बजरंग बली का गुणगान करेंगे। वहीं, महफिल को आनंदित करने के लिए लखीमपुर के मशहूर हास्य कलाकार जीत अलबेलाभी अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ