बिसवां, सीतापुर (उत्तर प्रदेश): बिसवां के मोहल्ला शेख सराय में लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित मोहल्लावासियों ने बिसवां स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बाद में बिसवां–सीतापुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी में लो-वोल्टेज से घरेलू उपकरण ठप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके चलते पंखे, कूलर, फ्रिज समेत अन्य जरूरी घरेलू उपकरण सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। तपती गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा। मोहल्लावासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों की दलील से असंतुष्ट लोगों ने लगाया जाम
समस्या के समाधान के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और अधिकारियों से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की। मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और आश्वासन देने का प्रयास किया, लेकिन नाराज उपभोक्ता उनकी बातों से संतुष्ट नहीं हुए। विरोध स्वरूप सभी प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए और बिसवां–सीतापुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
पुलिस के हस्तक्षेप से खुला रास्ता, विभाग का दावा जल्द सुधरेगी व्यवस्था
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और बिजली विभाग से बात कर समस्या का जल्द हल निकालने का भरोसा दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो सकी।
विभागीय पक्ष:
इस संबंध में अवर अभियंता अमरेश कुमार ने बताया कि रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और अत्यधिक ओवरलोड के चलते कई बार फ्यूज व जम्फर उड़ जाते हैं, जिससे आपूर्ति बाधित होती है। विभाग की टीम लगातार फॉल्ट को दुरुस्त करने में लगी हुई है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
0 टिप्पणियाँ