# सीतापुर,रेउसा:बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही: करंट की चपेट में आने से मासूम की मौत, महिला गंभीर रूप से झुलसी

रेउसा ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रेउसा थाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र रेउसा के अंतर्गत आने वाले सेमरा गांव में बिजली विभाग की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ तार टूटने से फैले करंट की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
तार टूटने से फैले करंट ने ली मासूम की जान
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक तार टूटने से  करंट फैल गया। इसी दौरान शमसुद्दीन की मासूम पुत्री रूमेशा करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना जोरदार था कि मासूम को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बच्ची को बचाने दौड़ी सोहर बानो 35 वर्ष पत्नी शमसुद्दीन भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
ग्रामीणों का आरोप निजी हाथों में बिजली व्यवस्था, सुरक्षा ताक पर
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था लंबे समय से पूरी तरह बदहाल है। आरोप है कि विभाग द्वारा लाइन और सब-स्टेशन के कई महत्वपूर्ण कार्य प्राइवेट संविदा लोगों से कराए जा रहे हैं। ये लोग बिना किसी सुरक्षा मानकों और उपकरणों के काम करते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। विभाग की इसी घोर लापरवाही की कीमत आज एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
घायल,अस्पताल में भर्ती, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद आनन-फानन में घायल महिला सोहर बानो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  रेउसा ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी बिजली कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ