# सीतापुर: शादी अनुदान के लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए लगेंगे विशेष कैंप, डीएम ने दिए निर्देश

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग के परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। कलेक्ट्रेट सभागार मेंबीते दिवस आयोजित जनपद स्तरीय समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शादी अनुदान योजना के लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।विकास खंडों में लंबित आवेदनों का होगा त्वरित निस्तारण
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विकास खंडवार प्राप्त आवेदन पत्रों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
हर ब्लॉक में लगेंगे सुबह-शाम विशेष कैंप
योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकास खंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन कैंपों में शादी अनुदान, सामूहिक शादी अनुदान और समस्त पेंशन योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी और मौके पर ही नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें कार्य
जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि योजनाओं के संचालन में पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए। पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाना चाहिए। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवि शंकर गिरि सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ