सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के बिसवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जहांगीराबाद में हेपेटाइटिस-सी के प्रकोप ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। एक ही परिवार के चार सदस्यों के संक्रमित पाए जाने के बाद जब स्वास्थ्य विभाग ने परिवार की स्क्रीनिंग की, तो कुल 11 सदस्य पॉजिटिव मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
शिविर में 21 और लोग मिले पॉजिटिव
प्रशासन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में गांव के 130 लोगों की जांच की गई। इस जांच में 21 अन्य व्यक्ति भी हेपेटाइटिस-सी से संक्रमित पाए गए। इन मरीजों की पहचान होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें निगरानी में ले लिया है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शासन स्तर से निगरानी दल करेगा जांच
संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी कार्यालय के अनुसार, कल सुबह शासन स्तर से नामित एक विशेष निगरानी दल ग्राम जहांगीराबाद का दौरा करेगा। यह दल जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेगा और तथ्यों की जानकारी जुटाकर संक्रमण के कारणों का पता लगाएगा, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इलाज संभव, पर समय रहते जांच जरूरी- चिकित्साधिकारी
आधुनिक चिकित्सा में हेपेटाइटिस-सी का इलाज अब पूरी तरह संभव है। प्रभावी दवाओं से इस वायरस को जड़ से खत्म किया जा सकता है, बशर्ते बीमारी का पता समय पर चले। यदि परिवार में संक्रमण है या आप लंबे समय से थकान, पीलिया या पेट दर्द महसूस कर रहे हैं, तो इसे अनदेखा न करें। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर रक्त जांच कराएं। याद रखें, जागरूकता और समय पर इलाज ही बचाव का सबसे सटीक तरीका है।
0 टिप्पणियाँ