सिधौली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)।जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधौली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए दो शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया। इनके पास से ताले खोलने वाली 18 चाबियां और नकदी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कार के शीशे तोड़कर चोरी और मकानों में नकबजनी की कई वारदातें कबूल की हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर सिधौली पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि दो संदिग्ध किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मोहल्ला संतनगर निवासी सुमित और उत्तम रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से 18 अदद मास्टर चाबियां और 5,220 रुपये नकद मिले।
ढाबे पर कारों को निशाना बनाना बना गले की फांस
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने काले कारनामों की परतें खोल दीं। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 5 अप्रैल को जनता ढाबा के पास खड़ी कारों के शीशे तोड़कर बैग चोरी किए थे। इसके अलावा 16 मई को रायपुर गांव में एक घर में घुसकर भी चोरी की थी। इन घटनाओं के बाद से पुलिस इनके पीछे लगी थी।
लंबा है अपराधियों का इतिहास
गिरफ्तार सुमित और उत्तम के खिलाफ सिधौली व महमूदाबाद थानों में चोरी और नकबजनी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक दयानंद झा, वेदप्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ