जनता से जुड़े कार्यों में न हो देरी, अधिकारी समन्वय के साथ करें काम- राकेश राठौर 'गुरु जी'

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग से जुड़े विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु जी' की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की बदहाल सड़कों, पुलिया निर्माण और जल निकासी जैसे गंभीर मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया।
सड़कों की मरम्मत और नए निर्माण के प्रस्ताव
बैठक में उपस्थित विधायकों व जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की जनता की दिक्कतों को साझा किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण, नई सड़कों के निर्माण, संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण और पुल-पुलियों के निर्माण से संबंधित कई प्रस्ताव और सुझाव शासन स्तर पर स्वीकृत कराने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने जोर देकर कहा कि जनहित के इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द शुरू कराया जाए।
विभागीय स्तर पर परीक्षण शुरू
जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बिंदुवार प्रस्तुतिकरण दिया। अधिकारियों ने बैठक में आश्वस्त किया कि प्राप्त हुए सभी प्रस्तावों का तकनीकी परीक्षण और जरूरी औपचारिक कार्यवाही विभागीय स्तर पर की जा रही है। जिन विकास कार्यों के लिए बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव जल्द ही शासन को मंजूरी के लिए भेजे जाएंगे।
बारिश से पहले सूची बनाने के निर्देश
राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु जी' ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को गंभीरता से लिया जाए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त और संवेदनशील मार्गों की एक सूची तुरंत तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सुरक्षित आवागमन मिलना चाहिए, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
बैठक में रहे उपस्थित
 बैठक में सेवता विधायक ज्ञान तिवारी, बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, महोली विधायक शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ