अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: प्रभारी निरीक्षक
तंबौर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)आगामी बकरीद के त्योहार को शांति, गरिमा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए तंबौर थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तंबौर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार रॉय ने की। इस मौके पर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, विभिन्न समुदायों के जिम्मेदार लोग और धर्मगुरु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पारंपरिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार रॉय ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि पारंपरिक सौहार्द को बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। यदि कोई सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से शांति भंग करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद
प्रभारी निरीक्षक ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
स्थानीय जनता ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र का माहौल हमेशा से अमन-चैन का रहा है और इस बार भी बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ ही मनाया जाएगा। नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को आश्वस्त किया कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय जनता का पूरा सहयोग मिलेगा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ