# सीतापुर:बगैर हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे 56 बाइक सवारों के कटे चालान

 जिले भर में 15 मई तक प्रभावी रहेगा 'नो हेलमेट-नो फ्यूल' अभियान
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के प्रति सचेत करने के लिए 'नो हेलमेट, नो फ्यूल' अभियान पूरी सख्ती के साथ शुरू हो गया है। जिलाधिकारी डॉ राजा गणपति आर के निर्देश पर 1 मई से 15 मई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत सोमवार को परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 56 बाइक चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
पेट्रोल पंपों पर कड़ी निगरानी
अभियान के चौथे दिन एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने जनपद के कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना हेलमेट ईंधन लेने पहुंचे वाहन चालकों को पंप कर्मियों ने तेल देने से साफ मना कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
जागरूकता पर जोर, कार्रवाई की चेतावनी
सोमवार को हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए एआरटीओ ने बताया कि चेकिंग के दौरान 186 लोगों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक टाला जा सकता है।
अब तक 258 चालान
अभियान की प्रगति साझा करते हुए विभाग ने बताया कि पिछले चार दिनों में अब तक कुल 258 बाइक सवारों का चालान किया जा चुका है, जबकि 950 लोगों को सुरक्षा नियमों का पाठ पढ़ाया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि लोग अब भी जागरूक नहीं हुए, तो आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक कड़ा किया जाएगा।
सावधानी ही सुरक्षा है:
 एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट को बोझ न समझें, बल्कि इसे अपनी जीवन रक्षा का कवच मानें। बिना हेलमेट पाए जाने पर किसी भी सूरत में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ