# सीतापुर:सदरपुर थाने में नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण: एसपी ने महिला आरक्षियों से फीता कटवाकर दिया मिशन शक्ति का संदेश

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):पुलिस प्रशासन में संवेदनशीलता और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को सुदृढ़ करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा थाना सदरपुर परिसर में नवनिर्मित भवनों का गरिमामय उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने एक सराहनीय प्रशासनिक पहल करते हुए नवनियुक्त महिला आरक्षी स्वप्निल एवं आरक्षी प्रिंसी के हाथों फीता कटवाकर 'मिशन शक्ति केंद्र' एवं अन्य सुविधाओं का शुभारंभ कराया।
कर्तव्यनिष्ठा और सम्मान का अनूठा संगम
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने उद्घाटन के उपरांत नवनिर्मित कक्षों का विधिवत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में नवनियुक्त आरक्षी हमारी शक्ति और भविष्य हैं। उनके हाथों से इस केंद्र का उद्घाटन कराया जाना विभाग की उस कार्यप्रणाली को दर्शाता है, जहाँ पद से अधिक कर्तव्य और सेवा भाव को प्रधानता दी जाती है। एसपी ने महिला आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निष्ठापूर्वक जनसेवा के लिए प्रेरित किया।
सुदृढ़ होगी तकनीकी और विवेचनात्मक प्रणाली
नवनिर्मित क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स कार्यालय के क्रियाशील होने से थाने की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और त्वरित होगी। मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित और सहज वातावरण में अपनी बात रखने का अवसर प्राप्त होगा। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि तकनीक का उपयोग अपराध नियंत्रण और जन-शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए।
पुलिसअधिकारियों एवं गणमान्य जनों की  उपस्थिति
लोकार्पण समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी)आलोक सिंह एवं प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा,सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव सहित जनपद के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी सहभागिता की अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा  को परिसर की स्वच्छता एवं अभिलेखों के उचित रखरखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ