सीतापुर,(संवाददाता): जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में माह मई के 'किसान दिवस' का आयोजन किया गया। बैठक में कृषि व उससे संबद्ध विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में किसान और कृषक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के साथ ही संबंधित कृषक को निस्तारण आख्या उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।
योजनाओं के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी
किसान दिवस के शुभारंभ पर उप कृषि निदेशक ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि कृषि विभाग की समस्त सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक रूप से करा लें, ताकि किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। इसके बाद जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने पिछले माह प्राप्त हुई समस्याओं के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही किसानों को बीज शोधन, भूमि शोधन और ग्रीष्मकालीन जुताई से होने वाले तकनीकी व आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
पोर्टल पर बुकिंग कर पाएं निशुल्क मिनीकिट
बैठक में जानकारी देते हुए जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जो भी किसान सामान्य बीज अथवा निशुल्क बीज प्राप्त करना चाहते हैं, वे विभागीय पोर्टल upagriculture.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सामान्य बीज पर 50 प्रतिशत का अनुदान देय होगा, जबकि मिनीकिट पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएगी। वहीं, के0वी0के0 कटिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा0 दयाशंकर श्रीवास्तव ने किसानों को धान की नर्सरी तैयार करने की वैज्ञानिक विधि और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
इस बार किसान दिवस में कृषक बंधुओं और किसान संगठनों की ओर से कुल 27 समस्याएं दर्ज कराई गईं। जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने एक-एक कर सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डा0 दीक्षा जोशी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी और सम्मानित किसान उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ