#सीतापुर:दुख की घड़ी में साथ खड़ी है सरकार: प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण ने जताया शोक, दी राहत सामग्री

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश शासन के संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने शुक्रवार को दैवीय आपदा के शिकार हुए एक पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने शासन की ओर से निर्धारित राहत सामग्री के साथ पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक भी सौंपा।
आंधी में पेड़ गिरने से हुई थी किशोर की मौत
मामला तहसील सदर के ग्राम राजेपुर खुर्द मजरा हेमपुर का है। बीते 13 मई को क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक भारी-भरकम पेड़ अचानक गिर गया था। इसकी चपेट में आने से गांव के ही निवासी राहुल 16 वर्ष पुत्र मुनेन्द्र की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई थी। किशोर की असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ था।
सरकार संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ
राहत राशि का चेक सौंपते हुए प्रभारी मंत्री श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि असमय बच्चे का जाना बेहद कष्टदायक है। इस दुख की घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। सरकार की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि इस कठिन समय में परिवार को संबल मिल सके। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मौके पर मौजूद रहे प्रशासनिक व राजनैतिक पदाधिकारी
इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के लिए प्रभारी मंत्री के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी नियमानुसार उन्हें हर संभव मदद दिलाई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ