सीतापुर (उत्तर प्रदेश):जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने बीते दिवस कसमण्डा विकास खण्ड के कम्पोजिट विद्यालय दाउदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में कमियां और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार न होने तक प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने और एक शिक्षक को नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
उपस्थिति और आंकलन ट्रैकर की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले शिक्षकों व बच्चों के उपस्थिति रजिस्टर और शिक्षक डायरी का मिलान किया। आंकलन ट्रैकर रजिस्टर की जांच के दौरान उसमें कई त्रुटियां पाई गईं, जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने इसे तुरंत सुधारने और अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निपुण तालिका का गहनता से अवलोकन किया और स्मार्ट क्लास में जाकर कक्षा-3 के बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर उनकी शिक्षा का स्तर परखा।
मिड-डे मील और साफ-सफाई का जायजा
पठन-पाठन का स्तर देखने के बाद जिलाधिकारी सीधे विद्यालय के रसोईघर पहुंचे। वहां उन्होंने मिड-डे मील के लिए रखे कच्चे चावल की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। उन्होंने रसोइयों और स्कूल प्रशासन को रसोईघर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के कड़े निर्देश दिए।
वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश
विद्यालय में बच्चों के शौचालय और हैण्डवाश की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक यासीन अंसारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया और सभी कार्य पूरे होने तक उनका वेतन रोकने के आदेश दे दिए। इसके अलावा, शिक्षण कार्य में रुचि न लेने और रजिस्टर अपडेट न रखने पर सहायक अध्यापक राजेश को भी नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए हैं।
0 टिप्पणियाँ