बिसवां,सीतापुर (उत्तर प्रदेश):नगर की सामाजिक संस्था इनरव्हील क्लब 'उड़ान' ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए महिला सफाई कर्मियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने स्वच्छता के प्रति समर्पित इन महिलाओं को उपहार भेंट कर उनके श्रम को नमन किया।
साड़ी और उपहार पाकर खिली मुस्कान
कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से महिला सफाई कर्मियों को साड़ी, टिफिन और लड्डू भेंट किए गए। अपनी दैनिक मेहनत को समाज में इस तरह सम्मानित होते देख महिला सफाई कर्मियों के चेहरे खुशी से चमक उठे।
चाय-नाश्ते के साथ दिया समरसता का संदेश
केवल उपहार देना ही क्लब का उद्देश्य नहीं था, बल्कि सामाजिक भेदभाव को मिटाने की एक बड़ी कोशिश भी दिखी। क्लब की अध्यक्षा व सदस्यों ने सफाई कर्मियों के साथ बैठकर चाय-नाश्ता किया। एक साथ मेज साझा कर क्लब ने समाज में समरसता और समानता का बड़ा संदेश प्रसारित किया।
समाज की असली शक्ति हैं सफाई कर्मी
क्लब की अध्यक्षा सीमा रस्तोगी ने अपने संबोधन में कहा कि निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने वाली ये महिलाएं हमारे परिवेश की रीढ़ हैं। इनके योगदान के बिना स्वच्छ भारत की कल्पना अधूरी है। कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर रेनू मेहरोत्रा ने क्लब की इस पहल को अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर सुनीता गुप्ता, आरती मौर्या, शिखा वैश्य सहित क्लब की अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहीं।
0 टिप्पणियाँ