यूपी बोर्ड परीक्षा में परचम लहराने वाली शिखा और कशिश को इंडियन बैंक ने किया सम्मानित, खाते में भेजी सम्मान राशि
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाली मेधावी बेटियों के प्रोत्साहन के लिए इंडियन बैंक आगे आया है। इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय सीतापुर द्वारा बुधवार को "प्रतिभा सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाने वाली छात्राओं को न केवल स्मृति चिह्न भेंट किए गए, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सीधे उनके बैंक खातों में सम्मान धनराशि भी स्थानांतरित की गई।
बाबू राम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की बेटियों ने मारी बाजी
समारोह में मुख्य रूप से बाबू राम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, महमूदाबाद जनपद सीतापुर की दो प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा 12 की छात्रा शिखा वर्मा और कक्षा 10 की मेधावी छात्रा कशिश वर्मा शामिल रहीं। इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख ने दोनों छात्राओं की कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और लगन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन बेटियों ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रेरणास्रोत
इस गौरवमयी क्षण पर विद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश वर्मा एवं प्रधानाचार्य अरुण कुमार वर्मा ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बैंक प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से बच्चों का मनोबल दोगुना हो जाता है। यह अभूतपूर्व सफलता न केवल इन दोनों बेटियों की है, बल्कि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़े प्रेरणास्रोत का काम करेगी, जिससे भविष्य में और भी प्रतिभावान छात्र आगे आएंगे।
सामाजिक और शैक्षिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है बैंक
इंडियन बैंक के अधिकारियों ने बताया कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर शिक्षा, सामाजिक विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। यह सम्मान समारोह भी इसी सामाजिक जिम्मेदारी की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिले के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक अंचल कार्यालय के अंचल प्रमुख रनवीर सिंह गोला, अग्रणी जिला प्रबंधक सीतापुर मनोज कुमार, मुख्य प्रबंधक दीपक गोस्वामी, प्रबंधक वर्षा पाठक व पूजा वर्मा एवं वरिष्ठ प्रबंधक अंकुश श्रीवास्तव सहित बैंक के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ