#सीतापुर: कलेक्ट्रेट में गूँजा CM योगी का संदेश, मृतक श्रमिक आश्रितों को जिलाधिकारी ने सौंपी 2 लाख की एफडी

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर बीते दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और नगर पालिका अध्यक्षा नेहा अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के कल्याण पर जोर दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।
आर्थिक सुरक्षा की गारंटी
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से बड़ी राहत दी गई। योजना के तहत तीन मृतक पंजीकृत श्रमिकों की विधवाओं को आर्थिक सहायता के रूप में 2-2 लाख रुपये की एफडी प्रदान की गई। प्रशासन ने इन परिवारों को भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच सौंपा।
इन्हें मिला योजना का लाभ
 नीतू पत्नी स्व. ओमप्रकाश ग्राम कुंवरपुर गद्दी, महोली
 सुमन देवी पत्नी स्व. राजेश ग्राम मोहद्दीनपुर, एलिया
 शम्मो पत्नी स्व. फकरुद्दीन ग्राम रामकोट, खैराबाद
मजदूरों का हित सर्वोपरि
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र श्रमिक पंजीकरण से वंचित न रहे। नगर पालिका अध्यक्षा नेहा अवस्थी ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी और कलेक्ट्रेट के कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ