#सीतापुर: बिसवां में 'तीसरी आंख' का पहरा, एसपी ने किया हाईटेक कंट्रोल रूम का उद्घाटन

बिसवां, सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तकनीक का सहारा लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने शुक्रवार को बिसवां कस्बे में नवनिर्मित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया। जिला मुख्यालय के 'ईगल कंट्रोल रूम' की तर्ज पर बने इस सेंटर से अब कस्बे के कोने-कोने पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
नए आरक्षी ने किया उद्घाटन, व्यापारियों का मिला साथ
एसपी अंकुर अग्रवाल ने उद्घाटन के दौरान एक नई परंपरा पेश करते हुए कंट्रोल रूम का फीता एक नए आरक्षी से कटवाया। उन्होंने बताया कि कस्बे के मुख्य चौराहों, बाज़ारों और संवेदनशील स्थानों पर कुल 38 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस परियोजना में स्थानीय व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया है, जिसकी एसपी ने सराहना की।
अपराधियों को सख्त चेतावनी और नए आरक्षियों को निर्देश
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों को तलब कर उन्हें अपराध से तौबा करने की शपथ दिलाई और सख्त चेतावनी दी कि किसी भी गलत गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही कोतवाली को मिले 35 नए आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा और बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा करने के निर्देश दिए।
 सिधौली और लहरपुर में भी जल्द शुरू होगी व्यवस्था
एसपी ने जानकारी दी कि सीतापुर और बिसवां के बाद अब पुलिस का अगला लक्ष्य सिधौली और लहरपुर को सीसीटीवी कैमरों से लैस करना है। इस मौके पर एएसपी दुर्गेश सिंह, एएसपी आलोक सिंह, सीओ अमन सिंह और प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ