#सीतापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी,10 हजार के इनामी गैंगस्टर दबोचा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर अंकित रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक थानों में दो दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वांछित और इनामी अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शातिर अपराधी अंकित रस्तोगी पुत्र गिरजाशंकर निवासी ग्राम दुर्गापुरवा, थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
10 हजार का था इनाम
गिरफ्तार अभियुक्त अंकित रस्तोगी थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट और बीएनएस की धारा 209 (मु0अ0सं0 56/2026) के मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
अपराधियों की लंबी है फेहरिस्त
पुलिस के अनुसार, अंकित रस्तोगी एक बेहद शातिर अपराधी है, जिसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके विरुद्ध सीतापुर के कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, रामकोट, हरगांव और लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर थाने में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल 20 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
 इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह, उ0नि0 शिवबहादुर सिंह, का0 अमित वर्मा, का0 कपिल कुमार और का0 मानवेन्द्र सिंह ढाका शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ