सीतापुर(उत्तर प्रदेश): लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्निकांड में छात्रों की मृत्यु से पूरा देश स्तब्ध है। इस दुखद घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए मंगलवार को सीतापुर बार एसोसिएशन के सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।
मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
शोक सभा की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय सहाय ने की और संचालन महासचिव सुधीर शर्मा ने किया। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
'नो एडवर्स' का प्रस्ताव पारित
बैठक में अध्यक्ष के निर्देशानुसार 'नो एडवर्स' का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही, बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया।
सुरक्षा मानकों की जांच और मुआवजे की मांग
अधिवक्ताओं ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश भर के कोचिंग सेंटरों के पंजीकरण, अग्नि सुरक्षा उपकरणों और आपातकालीन द्वार जैसे सुरक्षा मानकों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को बंद करने, घायलों का निशुल्क इलाज कराने और मृतक छात्रों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इस दौरान शोभित दीक्षित, अनुज कुमार पाल, अरविन्द मिश्रा, मिथिलेश वर्मा, आलोक अवस्थी, संध्या दीक्षित, नीलम गौड़, शशी अवस्थी, विजय कुमार अवस्थी, कुलदीप कुमार पाण्डेय, बुद्धि प्रकाश मिश्र, राहुल पाण्डेय, मुन्ना लाल राज, सत्येन्द्र पाल, राजीव श्रीवास्तव, उमेश कुमार, प्रदीप कुमार, अम्बुज मिश्रा, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव समेत सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ