विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले भर में रोपे जाएंगे पौधे, मां के सम्मान में हर नागरिक को लेनी होगी जिम्मेदारी।
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के गौरवमयी 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जनपद में 05 जून से 21 जून तक भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री व उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
गांव-गांव तक गूंजेगी आवाज
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में गरीब कल्याण के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे। तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से चौपालें और सम्मेलन आयोजित किए जाएं, जिससे आम जनता और लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित हो सके।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान
प्रभारी मंत्री ने बैठक में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जन आंदोलन बनाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले भर में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आयोजन स्थल पर उपलब्ध हो बुनियादी सुविधाएं
आयोजन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को लेकर मंत्री ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 21 जून तक चलने वाले लाभार्थी सम्मेलनों, विकास प्रदर्शनियों और योग कार्यक्रमों के स्थलों पर पेयजल, बिजली, सुरक्षा और चिकित्सा के चाक-चौबंद इंतजाम होने चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन होगा।
बैठक में रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सांसद अशोक रावत, एमएलसी पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक शशांक त्रिवेदी, रामकृष्ण भार्गव, निर्मल वर्मा, ज्ञान तिवारी, सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ