सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले और खुले में मांस-मछली की बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में बीते दिवस आयोजित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने साफ किया कि नगर पालिका और पुलिस टीम मिलकर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी मीट कारोबारी खुले में बिक्री न करे, सभी के लिए दुकानों के आगे ग्रीन शेड नेट लगाना अनिवार्य होगा।
मछली मंडी की गंदगी पर बिफरे डीएम, शिफ्टिंग की तैयारी
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शहर की मछली मंडी में व्याप्त गंदगी और उससे उठने वाली तीखी दुर्गंध का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका प्रशासन को तत्काल मौके पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से इस मछली मंडी को शहर से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जल्द से जल्द भूमि चिह्नित की जाए।
मां ललिता देवी की तस्वीर वाले जूट बैग में मिलेगा नैमिष का प्रसाद
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बैठक में एक और बड़ा निर्णय लिया गया। डीएम ने कहा कि तीर्थ नगरी नैमिषारण्य की पवित्रता को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध देसी घी से निर्मित बेसन के लड्डू का प्रसाद तैयार कराया जाएगा। इसके लिए एक या दो प्रमुख प्रतिष्ठानों को प्रमोट किया जाएगा। विशेष बात यह है कि इस प्रसाद की पैकिंग 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' के तहत तैयार जूट के बैग में होगी, जिस पर पवित्र चक्रतीर्थ और मां ललिता देवी की तस्वीर अंकित होगी। इसके लिए ईओ और बीडीओ कार्यालयों में व्यापारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध
जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए जिलाधिकारी ने मिलावटखोरों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्रियों को आकर्षक बनाने के लिए अखाद्य रंगों का प्रयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि अनुमन्य खाद्य रंगों का उपयोग किया भी जाता है, तो वह तय मानक के भीतर ही होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ