#सीतापुर:नशेड़ी बेटे ने उजाड़ा अपना ही संसार, पैसे न मिलने पर सगी मां को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के थाना मानपुर इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने नशे की लत को पूरा करने के लिए अपनी ही सगी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे आरोपी को मानपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुऐ खून से सने डंडे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के कुशल निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है।
मां ने रुपये देने से किया मना, तो बन गया हैवान
पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त हरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ सोमनाथ सिंह ने जो खुलासा किया, उसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने कुबूल किया कि वह गलत संगत में पड़कर स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों का आदी हो चुका है। अपनी इस काली लत को पूरा करने के लिए वह अक्सर अपनी मां को डरा-धमकाकर जबरन रुपये ऐंठता था।
भाई जान बचाकर भागा, पीछे से कर दी हत्या
वारदात वाले दिन 2 जून की रात करीब 11 बजे आरोपी ने तखत पर लेटी अपनी मां शिवकुमारी देवी से नशे के लिए रुपयों की मांग की थी। मां के साफ इनकार करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और अपनी मां व भाई अशोक को जान से मारने की धमकी देने लगा। भाई अशोक उसके हाथ में भारी डंडा देखकर अपनी जान बचाने के लिए फौरन बिसवां भाग निकला। इसके बाद गुस्से में अंधे हो चुके हरेन्द्र ने तखत पर सो रही अपनी लाचार मां के सिर पर यूकेलिप्टिस के डंडे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
फरार कातिल बेटा गिरफ्तार, भेजा गया जेल
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह व क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना मानपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वांछित चल रहे आरोपी हरेन्द्र को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की ही निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 01 अदद खून से सना यूकेलिप्टिस का डंडा भी बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व वाली पुलिस टीम मुख्य आरक्षी यदुवीर सिंह, कान्स्टेबल विनीत कुमार व शुभम पाल ने मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ