#सीतापुर:बट्सगंज में जन जागरूकता अभियान: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर घर-घर पहुंचे जनप्रतिनिधि.

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश): केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बट्सगंज स्थित बालदा कॉलोनी में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने घर-घर जाकर नागरिकों से सीधा संपर्क साधा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों के प्रति जागरूक करना रहा।
अंतिम व्यक्ति तक विकास
अभियान के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए, इसके लिए अधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से धरातल पर काम कर रहे हैं।
लोकतंत्र की बड़ी ताकत
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने सरकार की पिछले 12 सालों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। उन्होंने जनभागीदारी को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए संगठन और सरकार निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित के ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
 स्टालों पर उमड़ी भीड़
बालदा कॉलोनी में आयोजित इस अभियान को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने बढ़कर जानकारियां हासिल कीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, उप जिलाधिकारी न्यायिक सीमा सिंह सहित पालिका के अधिकारी व सभासदगण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ