#सीतापुर:संदेह के घेरे में 'सुई वाले चोर', मिश्रिख में युवक को बंधक बना लाखों की लूट, ताला न टूटने से पुलिस हैरान.

मिश्रिख,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कस्बे के चंदूपुर मोहल्ले में शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर युवक को नशीला या सुई वाला इंजेक्शन लगाकर घायल कर दिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया इस पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है और इसके पीछे ऑनलाइन सट्टेबाजी का कनेक्शन तलाश रही है।
                                 (पीड़ित)
तड़के 3 बजे वाशरूम जाते समय हमला, पैर-हाथ में गोदे इंजेक्शन
पीड़ित नरेंद्र पाल उर्फ राहुल के मुताबिक, भोर में करीब तीन बजे जब वह वाशरूम के लिए उठा और पहली मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खोला, तभी तीन चोरों ने उसे दबोच लिया। चोरों ने पहले उसे डंडे से पीटा और फिर जेब से निकालकर उसके हाथ-पैर में तीन से चार जगह अज्ञात इंजेक्शन लगा दिए, जिससे वह बेदम होकर गिर पड़ा। इसके बाद चोरों ने मारपीट कर बक्से में रखे सोने के कंगन, चेन और चांदी की पायल जैसी कीमती चीजें समेट लीं और छत के रास्ते फरार हो गए।
मां देख-सुन नहीं सकती, पिता गए थे ससुराल
घटना के वक्त घर में राहुल और उसकी वृद्ध मां ही थे, जो देखने और सुनने में असमर्थ हैं। पिता अपनी ससुराल गए हुए थे। चोरों के जाने के बाद राहुल ने किसी तरह अपनी मां को इशारा किया और फिर बाहर आकर शोर मचाया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
लाइसेंसी बंदूक छोड़ गए चोर, ऑनलाइन सट्टे से जुड़ रहे तार
पुलिस ने बताया कि मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है। घर का कोई ताला नहीं टूटा है और पड़ोस की छत से आने-जाने का रास्ता भी बहुत ऊंचा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कमरे में ही लाइसेंसी बंदूक टंगी थी, जिसे चोरों ने छुआ तक नहीं। पुलिस को आशंका है कि मामला ऑनलाइन सट्टेबाजी के कर्ज या किसी आपसी विवाद से जुड़ा हो सकता है। राहुल का मोबाइल जब्त कर लिया गया है, जिसकी कॉल डिटेल और डेटा खंगालने पर कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ