#सीतापुर:सुशासन के 12 वर्ष: विकास भवन में सजी उपलब्धियों की गैलरी, पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को मिला लाभ.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): केंद्र सरकार के सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास भवन सभागार में एक भव्य चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ प्रदेश के नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान प्रदर्शनी में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक बुनियादी ढांचे के विकास, सांस्कृतिक पुनरुत्थान और 'विकसित उत्तर प्रदेश-2047' के विजन को आकर्षक चित्रों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।
अतिथियों ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया और आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर पी0एम0 स्वनिधि योजना के दो लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया गया।
 कागजों से निकलकर धरातल पर उतरा विकास: राकेश राठौर 'गुरु'
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले के दौर में सरकारी योजनाएं सिर्फ फाइलों और कागजों तक सिमटकर रह जाती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में विकास को धरातल पर उतारने का वास्तविक कार्य हुआ है। आज देश में आधुनिक सड़कों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे और हवाई अड्डों का जाल बिछ चुका है। डिजिटल सेवाओं और स्वास्थ्य-शिक्षा के क्षेत्र में जो अभूतपूर्व क्रांति आई है, उसका सीधा लाभ आज समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। गरीब, किसान, महिला और युवाओं का उत्थान ही इस सरकार की असली प्राथमिकता है।
गांवों तक पहुंचीं मूलभूत सुविधाएं, बदला परिदृश्य: सुरेश राही
विशिष्ट अतिथि व कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने अपने संबोधन में कहा कि इस सरकार की सबसे बड़ी ताकत योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन है। पहले विभाग तो थे, लेकिन गांवों तक उनका लाभ नहीं पहुंच पाता था। आज डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता से गांव-गांव तक पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली, स्वच्छ पेयजल, पक्के आवास, शौचालय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच चुकी हैं। अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ काम करने की आजादी दी गई है, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल रहा है और देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
 विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के संकल्प पर दिया जोर
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा पर अपने विचार साझा किए और कार्यकर्ताओं व जनता का आभार जताया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी  डॉ. दीक्षा जोशी, कई अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी तथा भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरा सभागार सरकार की उपलब्धियों और भविष्य के 'विकसित भारत' के संकल्पों से गुंजायमान नजर आया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ