महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदाबाद पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पैतेपुर नहर मार्ग से एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इमरान उर्फ जादू पुत्र इकबाल, निवासी पैगम्बरपुर के रूप में हुई है,पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चोरी की थी बाइक
मामला महमूदाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां बीते 12 जून 2026 को खुरवल थाना सदरपुर के रहने वाले समीउद्दीन की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद के परिसर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर मुस्तैद पुलिस टीम ने बुधवार दोपहर पैतेपुर नहर मार्ग से घेराबंदी कर आरोपी इमरान उर्फ जादू को धर दबोचा।
लखनऊ से भी चुराई थी सुपर स्प्लेंडर
गिरफ्तार अभियुक्त 'जादू' की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से एक बाइक UP 34 AD 3943 महमूदाबाद स्वास्थ्य केंद्र से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस है। वहीं, दूसरी बाइक हीरो सुपर स्प्लेंडर UP 32 LH 8996 है, जिसे अभियुक्त ने लखनऊ के टेढ़ी पुलिया गल्ला मंडी इलाके से उड़ाया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में इस घटना का सफल अनावरण प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के कुशल निर्देशन में किया गया। आरोपी को दबोचने वाली टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक दीपक राठौर, हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल अश्वनी त्यागी, बृजेश पांडेय, अखिलेश और चन्द्र प्रकाश शामिल रहे। एसपी ने पूरी टीम के इस त्वरित कार्य की सराहना की है।
0 टिप्पणियाँ