#सीतापुर: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 14 किलो गांजे के साथ एक गिरफ्तार.

रामकोट,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। सीतापुर जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामकोट थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 14 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा सिटी कार बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आशीष अकेला के रूप में हुई है, जो सीतापुर शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र का निवासी है।
घेराबंदी के दौरान नाली में फंसी तस्कर की कार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार,यह कामयाबी सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात मिर्जापुर मोड़ पर की जा रही नियमित चेकिंग के दौरान मिली। रामकोट पुलिस की टीम जब संदिग्ध वाहनों की निगरानी कर रही थी, तभी सीतापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार के चालक ने पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास किया। उसने वाहन को अचानक सलेमपुर जाने वाले मार्ग पर मोड़ दिया, लेकिन हड़बड़ाहट के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जाकर फंस गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और चालक सीट पर बैठे आशीष अकेला को अभिरक्षा में ले लिया। कार की पिछली सीट की जांच करने पर वहां से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी बरामद हुई, जिसमें अवैध गांजा छिपाकर रखा गया था।
नए विधिक प्रावधानों के तहत मौके पर वीडियोग्राफी
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने विधिक प्रक्रियाओं और नए कानूनी प्रावधानों के कड़े अनुपालन का दावा किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023  की धारा 105 के तहत तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर को मौके पर आमंत्रित किया गया। एक राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर पूरी तलाशी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 14 किलो 400 ग्राम पाई गई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह इस प्रतिबंधित माल को सीतापुर, मैगलगंज और शाहजहाँपुर के बाजारों में ऊंचे दामों पर खपाने के उद्देश्य से परिवहन कर रहा था। बरामद वाहन अभियुक्त की माता के नाम पर पंजीकृत पाया गया है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और पुलिस की मुस्तैदी
रामकोट पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया अभियुक्त आशीष अकेला एक आदतन अपराधी है और उसका एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी सीतापुर के महोली, रामकोट और लखनऊ के जानकीपुरम थाने में हत्या के प्रयास , अपहरण, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल आठ संगीन मामले दर्ज हैं। इस ताजा बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रामकोट थाने में मु0अ0सं0 174/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट का नया मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष पीयूष सिंह ने किया, जिसमें उपनिरीक्षक लालधर प्रसाद और शिवप्रसाद पाण्डेय सहित आरक्षी शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ