#सीतापुर:आवास विकास में गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी, अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने के निर्देश.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने मंगलवार को शहर के आवास विकास बी ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में भारी ढिलाई और हर तरफ गंदगी देखकर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीवर टैंक की बदहाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया। साथ ही जलभराव की समस्या से निपटने और नालियों से अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश जारी किए।
सीवर टैंक में गंदगी पर भड़के, मांगी रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की नजर सबसे पहले सीवर टैंक पर पड़ी। टैंक के आसपास और भीतर गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तीखे सवाल किए और पूछा कि विगत दिनों इस सीवर टैंक की सफाई कब की गई थी? उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायिक सदर अतिरिक्त प्रभार सीमा को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि सफाई और अन्य लंबित कार्यों से जुड़ी पत्रावली तत्काल तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए।
जलभराव वाले हॉटस्पॉट का लिया जायजा
डीएम ने आवास विकास क्षेत्र की सड़कों का भी बारीकी से मुआयना किया। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने उन सड़कों का विशेष रूप से जायजा लिया, जहां अक्सर वर्षा के दौरान भीषण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दो टूक कहा कि बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी की उचित और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मोहल्ले वासियों को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
अतिक्रमणकारियों को नोटिस के निर्देश
निरीक्षण में यह बात भी सामने आई कि कई जगहों पर लोगों ने नालियों के ऊपर अवैध निर्माण और अतिक्रमण कर रखा है, जिससे पानी का बहाव रुक रहा है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आदेश दिया कि नालियों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को चिन्हित कर तत्काल नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि हर हाल में सड़कों और नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, जिससे जलभराव की नौबत ही न आए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ