खैराबाद परिवहन कार्यालय में संवाद बैठक आयोजित, समस्याओं के निस्तारण के साथ ही आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील।
खैराबाद ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):परिवहन विभाग द्वारा मंगलवार को खैराबाद स्थित परिवहन कार्यालय परिसर में ऑटो एवं टेंपो वाहन स्वामियों तथा चालकों के साथ एक विशेष जागरूकता एवं संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों और स्वामियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना और उन्हें परिवहन विभाग द्वारा दी जा रही आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से रूबरू कराना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ऑटो-टेंपो चालक और मालिक मौजूद रहे।
घर बैठे मिलेंगी ऑनलाइन सेवाएं
बैठक को संबोधित करते हुए एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी ने परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वाहन स्वामियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अब विभाग के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। वाहन संबंधी अनेक महत्वपूर्ण कार्य अब ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे आसानी से किए जा सकते हैं, जिससे चालकों के समय और संसाधनों दोनों की बड़ी बचत होगी।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान कार्ड जरूरी
संवाद के दौरान एआरटीओ ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'आयुष्मान भारत योजना' का भी जिक्र किया। उन्होंने उपस्थित चालकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को प्रति वर्ष ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज और स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल सकेगा, जो उनके परिवार के लिए बेहद मददगार साबित होगा।
तकनीकी मानक व सड़क सुरक्षा के दिए टिप्स
इसके बाद परिवहन विभाग के प्राविधिक निरीक्षक संजय कुमार ने चालकों को वाहन फिटनेस, सड़क सुरक्षा और जरूरी तकनीकी मानकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की शपथ दिलाई और बताया कि तकनीकी रूप से फिट वाहन न सिर्फ हादसों को कम करते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी सुरक्षित रखते हैं।
0 टिप्पणियाँ