#सीतापुर:ऐतिहासिक निर्णयों से बदला देश-प्रदेश का स्वरूप, अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ.

खैराबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को खैराबाद के भूभिजा हाल में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों और सुशासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जनकल्याण ही शासन का मूल मंत्र
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विगत 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को ही अपना मूल मंत्र माना है। सरकार की कोशिशों का नतीजा है कि आज योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका मकसद सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि हर नागरिक को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देना है।
पारदर्शिता से बदला उत्तर प्रदेश
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बीते 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश सुशासन, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। अब योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों के खातों में जा रहा है। प्रदेश में विकास की नई धारा बह रही है, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री व अन्य अतिथियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण पोटली दी गई। प्रभारी मंत्री ने स्वयं लाभार्थियों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर मिल रहे लाभ का फीडबैक भी लिया।
इनकी रही उपस्थित
इस अवसर पर नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरू', भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भार्गव (मिश्रिख), ज्ञान तिवारी (सेवता), मनीष रावत (सिधौली), शशांक त्रिवेदी (महोली), निर्मल वर्मा (बिसवां), एमएलसी पवन सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ