सीतापुर(उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा -2026 को नकलविहीन और शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को केंद्रों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।
तीन दिनों तक चलेगा परीक्षा का महाकुंभ
जनपद में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को होगा। 02 और 03 जुलाई को परीक्षा दो पालियों प्रातः 09.30 से 12.00 बजे और दोपहर 02.30 से 05.00 बजे में होगी, जबकि 04 जुलाई को केवल एक पाली में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय और फर्नीचर की व्यवस्था को परखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयोग की गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
परीक्षार्थियों को मिलेगी तनावमुक्त माहौल
पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटने पाए और यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और ऐसा माहौल तैयार करें जिससे वे बिना किसी दबाव के अपनी परीक्षा दे सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ