# सीतापुर: जहांगीराबाद में पिकअप चालक को बनाया निशाना, 2.30 लाख रुपये की टप्पेबाजी.

#सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सदरपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद कस्बे में टप्पेबाजों ने दिनदहाड़े एक पिकअप चालक को निशाना बनाते हुए 2.30 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सामान उतारने के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, तंबौर थाना क्षेत्र के गोटेला गांव निवासी मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद फैजान पिकअप से तंबौर से जहांगीराबाद किराना का सामान लेने आए थे। मंगलवार शाम जहांगीराबाद चौराहे के पास पिकअप खड़ी कर वे सामान उतारने में व्यस्त थे। इसी दौरान चार बाइकों पर सवार आठ उचक्कों ने मौका पाकर पिकअप में रखा रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद चालक ने आसपास तलाश की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। बताया जा रहा है कि पीड़ित को इन रुपयों से बिसवा में सामान खरीदना था।
दहशत में व्यापारी, पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई इस टप्पेबाजी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ